हल्द्वानी: बाघ पकड़े जाने से जंगल में दहशत का अंत, वन विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह….

हल्द्वानी – पनियाली–फतेहपुर रेंज में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बने आदमखोर बाघ को आखिरकार वन विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया। करीब 15 दिनों से क्षेत्र में फैले भय के माहौल के बीच 3 मार्च की रात चलाए गए विशेष रेस्क्यू अभियान में बाघ को बेहोश कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया।

वन विभाग की टीम ने बंद वाहनों से निगरानी करते हुए अभियान चलाया। इसी दौरान बाघ जैसे ही लगाए गए पिंजरे के पास पहुंचा, टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर काबू में कर लिया। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा ने किया।

डीएफओ ध्रुव सिंह मार्तोलिया ने बताया कि लगभग साढ़े तीन वर्ष का नर बाघ पनियाली क्षेत्र से ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा गया है और उसे ढेला रेंज भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पकड़ा गया बाघ ही मानव-हमलों के लिए जिम्मेदार था या नहीं।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में बाघ के हमले में दो महिलाओं की मौत के बाद क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई थी। 12 फरवरी को पीपलपोखरा में गंगा देवी और 25 फरवरी को पनियाली में कमला फर्त्याल पर बाघ ने हमला कर दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।

घटनाओं के बाद वन विभाग ने दो चिकित्सकीय टीमों, पिंजरों और निगरानी के साथ सघन अभियान शुरू किया था। अब बाघ के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें