कलियर- कलियर–रुड़की रोड स्थित पुल के पास पुरानी गंगनहर किनारे सोमवार सुबह एक भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कूड़े के ढेर में लाल कपड़े में लिपटा भ्रूण मिलने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर भ्रूण को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। सुबह करीब आठ बजे राहगीरों की नजर गंगनहर किनारे पड़े कूड़े में लाल कपड़े से बाहर निकले एक हाथ पर पड़ी। पास जाकर देखने पर कपड़े में भ्रूण लिपटा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में भ्रूण करीब चार माह का बताया गया है। पुलिस ने भ्रूण को रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया है। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस मासूम को जन्म के बाद संरक्षण मिलना चाहिए था, उसे इस तरह लावारिस हालत में छोड़ दिया जाना बेहद पीड़ादायक है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।











