लालकुआं/काठगोदाम – लालकुआं–काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार युवक-युवती हाईवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त यातायात नियंत्रण और स्पीड पर अंकुश लगाने की मांग की है।











