बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद: सुप्रीम कोर्ट सुनवाई से पहले प्रशासन सतर्क, शांति बनाए रखने की अपील……

हल्द्वानी-  हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद मामले में 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। संभावित परिस्थितियों को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बृहस्पतिवार को आयोजित पीस कमेटी की बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय के लोगों से संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से रमजान माह को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

दरअसल, रेलवे विभाग ने बनभूलपुरा की गफूर बस्ती सहित आसपास के इलाकों में अपनी करीब 29 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण होने का दावा करते हुए लगभग 4365 लोगों को कब्जा हटाने के नोटिस जारी किए थे। इसके खिलाफ प्रभावित पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया, जहां अब मामले पर सुनवाई होनी है। हालांकि सुनवाई की तिथि 24 फरवरी निर्धारित है, लेकिन फैसला आएगा या तारीख आगे बढ़ेगी, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जैसे-जैसे सुनवाई की तारीख नजदीक आ रही है, क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें