पहले भरोसा जीता, फिर सब लूटा — जिन्न का डर दिखाकर ठगी…….

काशीपुर- काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ग्रामीणों से करोड़ों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने जिन्न और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर लोगों को रकम दोगुनी-तिगुनी करने का झांसा दिया और भारी रकम लेकर फरार हो गया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी शकील अहमद समेत करीब 20-25 महिला-पुरुष सोमवार को कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी को शिकायत दी। पीड़ितों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात मूल रूप से रामपुर (यूपी) के रहने वाले और वर्तमान में धीमरखेड़ा में रह रहे एक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी खुद को समिति संचालक और तंत्र-मंत्र जानने वाला बताता था। उसने दावा किया कि उसकी समिति में जमा रकम 9 महीने से एक साल में दो से तीन गुना होकर वापस मिलती है।

शुरुआत में आरोपी ने कुछ लोगों को बढ़ी हुई रकम लौटाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग उसके पास पैसा जमा कराने लगे। आरोप है कि वह जिन्न का भय दिखाकर लोगों को धार्मिक काम करने और अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित करता था। जब बड़ी रकम इकट्ठी हो गई तो आरोपी ने भुगतान करना बंद कर दिया और फरार हो गया। विरोध करने पर पीड़ितों को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी यूपी के भोजपुर और सैफनी क्षेत्र में इसी तरह की ठगी कर चुका है। ग्रामीणों ने पुलिस को लगभग 60-70 लोगों की सूची और जमा रकम का विवरण सौंपा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी करीब दो साल पहले गांव में एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि बनकर आया था और लोगों का विश्वास जीतने के बाद ठगी की वारदात को अंजाम दिया। अब ग्रामीण अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें