आज से बोर्ड की जंग: गणित पेपर के साथ CBSE परीक्षा का आगाज़

हल्द्वानी- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू हो गई हैं, जो 9 अप्रैल तक चलेंगी। नैनीताल जिले में परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकल-विहीन तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने 39 परीक्षा केंद्र बनाए हैं और सभी जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड की समय सारणी के अनुसार परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने गणित (बेसिक/स्टैंडर्ड) का पेपर दिया, जबकि कक्षा 12 के छात्रों की बायोटेक्नोलॉजी और उद्यमिता विषय की परीक्षा हुई।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी छात्र सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों को केवल एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और आवश्यक स्टेशनरी ही साथ लाने की अनुमति है। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि प्रश्नपत्र मिलने के बाद निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और पहले आसान प्रश्न हल करें, ताकि समय प्रबंधन बेहतर हो सके। विशेषज्ञों ने परीक्षा के दौरान तनाव से बचने, पर्याप्त नींद लेने और हल्का नाश्ता करने की भी सलाह दी है। नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और उड़न दस्तों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें