नैनीताल – नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र से अपहृत 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
भवाली कोतवाली क्षेत्र के गरमपानी निवासी युवती को एक युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर दो टीमों का गठन किया।
पुलिस की सक्रियता के चलते युवती को दिल्ली–बिजनौर बॉर्डर के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी सुहैल को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री भावना मेहरा ने घटना पर चिंता जताते हुए बाहरी तत्वों की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, विधायक सरिता आर्या ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवती की सकुशल बरामदगी पर पुलिस टीम को सम्मानित किया और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










