काशीपुर में चोरों के हौसले बुलंद: मारुति शोरूम से लाखों के पार्ट्स पार, पुलिस अलर्ट

काशीपुर- काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित मारुति कार शोरूम में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर देर रात स्पेयर पार्ट्स रूम का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये कीमत के पार्ट्स चोरी कर फरार हो गए। मामले में शोरूम अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम के तजिंदर सिंह ने बताया कि 8 फरवरी की रात लगभग 11:30 बजे चोरों ने शोरूम के स्पेयर पार्ट्स कक्ष का ताला तोड़ा और महंगे पार्ट्स लेकर फरार हो गए।

 

घटना के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। आईटीआई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में 3 फरवरी को केंद्रीय विद्यालय के आवासीय परिसर में तीन शिक्षकों के घरों से भी लाखों की चोरी हुई थी, जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें