सनातन आस्था के सम्मान में गौ रक्षा दल ने किया महापौर का सम्मान….

रुद्रपुर – सनातन संस्कृति और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में लिए गए अहम निर्णयों के लिए रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा का मंगलवार को गौ रक्षा दल द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। शहर के इंदिरा चौक पर ‘त्रिशूल चौक’ के निर्माण तथा मंगलवार को मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध जैसे निर्णयों को जनभावनाओं के अनुरूप बताते हुए गौ रक्षा दल ने महापौर को शॉल ओढ़ाकर, भगवा पटका पहनाकर, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विराट आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इंदिरा चौक पर त्रिशूल की स्थापना न केवल शहर की पहचान को सुदृढ़ करेगी, बल्कि यह सनातन आस्था का प्रतीक भी बनेगी। मंगलवार को मांस की दुकानों को बंद रखने का निर्णय धार्मिक भावनाओं का सम्मान है और यह पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।

सम्मान से अभिभूत महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भगवान रुद्र के नाम पर बसे इस पावन नगर को उसकी सांस्कृतिक पहचान दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कर-कमलों से इंदिरा चौक पर विशाल त्रिशूल का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर डमरू और हनुमान जी की गदा भी स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा की स्थापना की योजना पर भी कार्य प्रगति पर है।

महापौर ने बताया कि महाशिवरात्रि को ध्यान में रखते हुए शहर के मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। वर्षों पुरानी गौशाला की मांग को पूरा करते हुए छह एकड़ भूमि पर गौशाला निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी को आने वाली पीढ़ियों तक स्मरण रखने के लिए शहर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क’ का भी निर्माण कराया जाएगा।

महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में संस्कृति, परंपरा और आस्था पर किसी भी प्रकार का आघात स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि हिंदुत्व की चेतना को मजबूत करने के लिए सभी को साथ आना होगा। साथ ही उन्होंने गौ रक्षा दल के निस्वार्थ सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर गौ रक्षा दल के महामंत्री राधे सनातनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित जितेंद्र शर्मा, जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल मौर्य, जिला मंत्री विशाल कोली, नगर अध्यक्ष धीरज बंसल सहित विकास कश्यप, राहुल, अनुराग, आशु, संजय, रोहित, ध्रुव, पंकज, सोनू राठौर, सन्नी, हर्ष, कुलदीप, राजा, प्रिंस समेत बड़ी संख्या में गौ रक्षक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें