92 की उम्र में स्वर्णिम प्रदर्शन, अल्मोड़ा के लक्ष्मण सिंह बने मिसाल….  

अल्मोड़ा – उम्र अगर हौसलों के सामने झुक जाए, तो मिसालें कायम होती हैं। अल्मोड़ा के 92 वर्षीय लक्ष्मण सिंह ऐठानी ने यह साबित कर दिया है कि जज्बा और मेहनत की कोई उम्र नहीं होती। राजस्थान में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया।

लक्ष्मण सिंह ऐठानी ने प्रतियोगिता के गोला क्षेपण (शॉटपुट) इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड के लिए पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, प्रतियोगिता के तीसरे दिन आयोजित 200 मीटर दौड़ में उन्होंने रजत पदक जीतकर अपनी फिटनेस और संकल्प का लोहा मनवाया।

डे-केयर संस्था अल्मोड़ा के संरक्षक, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के सलाहकार तथा सीईओ पद से सेवानिवृत्त लक्ष्मण सिंह ऐठानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता पर पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, हेम चंद्र जोशी, डॉ. गोकुल रावत, चंद्र मणी भट्ट, एम.सी. काण्डपाल, आनंद सिंह बगडवाल, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, रीता दुर्गापाल, डॉ. अरुण पंत, गिरीश जोशी और गिरीश मल्होत्रा सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी और इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

लक्ष्मण सिंह ऐठानी की यह उपलब्धि न केवल खेल जगत के लिए बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए यह संदेश देती है कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें