पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में बारिश: उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिज़ाज….

देहरादूनउत्तराखंड में हालिया बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम फिलहाल कुछ हद तक साफ हुआ है। मैदानी इलाकों में चटख धूप से लोगों को राहत मिली है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। हालांकि पहाड़ों में भारी बर्फबारी के चलते कई इलाकों में यातायात, बिजली और संचार सेवाएं अब भी प्रभावित बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। विभाग ने बताया कि आगामी सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 29 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़

बर्फबारी के बाद नैनीताल, मसूरी, धनौल्टी और चकराता जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी आमद देखी जा रही है। इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

26 जनवरी: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना।
27 जनवरी: प्रदेश के अधिकांश जिलों में 2500 मीटर से ऊपर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार।
28 जनवरी: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश-बर्फबारी जारी रहने की संभावना, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की बारिश हो सकती है।

हिमस्खलन को लेकर अलर्ट

रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE) ने पांच जिलों के लिए अगले 12 घंटे का अलर्ट जारी किया है।
चमोली को जोन-3 (ऑरेंज अलर्ट) में रखा गया है, जहां 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र असुरक्षित बताए गए हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ को जोन-2 (यलो अलर्ट) में रखा गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मैदानी क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना भी बनी हुई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें