जनकल्याण की मिसाल: पूरनपुर शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़….

जसपुर – न्याय पंचायत पूरनपुर, विकासखंड जसपुर के पंचायतघर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत एक बहुद्देशीय शिविर का आयोजन अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण जनता को एक ही छत के नीचे सभी सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में समाज कल्याण, पूर्ति विभाग, श्रम, उद्योग, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, डेयरी सहित कुल 27 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जबकि कुल 34 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर में आधार केंद्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, ब्लड सैंपल, चेस्ट एक्सरे सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सकों की टीम भी तैनात रही। शिविर में कुल 1036 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

क्षेत्रीय विधायक आदेश सिंह चौहान ने ग्रामीणों से अपील की कि वे विभागीय स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की पूरी जानकारी लें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि वे योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं ताकि पात्र व्यक्ति वंचित न रहें।

दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल एवं जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम सरकार की प्राथमिकता है, जिसके तहत जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का प्रभावी माध्यम बताया।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आई समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अनूप कौर, मंडल अध्यक्ष भाजपा मनप्रीत सिंह लाडी, जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी, ग्राम प्रधान मृदुला सागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें