पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में बारिश! उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट….

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।

प्रदेश में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ था, जिससे सूखे जैसे हालात बनने लगे थे। किसान और आमजन दोनों ही बारिश का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

इन जिलों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून के पर्वतीय क्षेत्र, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की प्रबल संभावना बताई गई है।

ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा

प्रदेश के अन्य जिलों में ओलावृष्टि, गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए कई जनपदों में येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।

देहरादून में दिन गर्म, शाम ठंडी

राजधानी देहरादून में गुरुवार को सुबह से तेज धूप खिली रही, जिससे दिन में गर्मी महसूस की गई, लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं के चलते मौसम ठंडा हो गया और लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ।

तापमान में उतार-चढ़ाव

हरिद्वार और उधम सिंह नगर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि इसके बाद दो-तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। प्रदेश में 28 जनवरी तक मौसम का मिज़ाज अस्थिर बने रहने की संभावना जताई गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें