कार में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए टैक्सी चालक की दम घुटने से मौत……

नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल आया था चालक

नैनीताल- नैनीताल नोएडा से पर्यटकों को नैनीताल लाने वाले एक टैक्सी चालक की कार के भीतर कोयले की अंगीठी जलाकर सोने के कारण दम घुटने से मौत हो गई। यह दुखद घटना नैनीताल के सूखाताल पार्किंग क्षेत्र की है। मृतक की पहचान मनीष गंधार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष गंधार शनिवार को टैक्सी वाहन संख्या यूपी 16 जेटी 8565 से नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल पहुंचा था। रात करीब नौ बजे उसने सूखाताल पार्किंग में वाहन खड़ा किया और ठंड से बचने के लिए कार के भीतर कोयले की अंगीठी जलाकर कंबल ओढ़कर सो गया।

रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक जब चालक नहीं जागा तो पार्किंग कर्मियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल हेमचंद्र पंत ने पुलिस टीम के साथ वाहन को हिलाकर चालक को जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, चालक के मुंह से झाग निकल रहा था। प्रथम दृष्टया आशंका है कि अंगीठी से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उसकी मौत हुई है। चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें