ईवीएम वेयरहाउस का डीएम ने किया गहन निरीक्षण, पारदर्शिता सुनिश्चित करने को दिए निर्देश….

हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी के सरस मार्केट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वेयरहाउस में रखी सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का गहन परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों की मशीनें सुरक्षित, सीलबंद और सुव्यवस्थित तरीके से संरक्षित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों की सतत मॉनिटरिंग और प्रवेश-निकास रजिस्टर को अपडेट रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और निर्वाचन आयोग द्वारा बनाए गए मानकों की सराहना की। मौके पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, भाजपा से हेमन्त बिष्ट और मनीष पाल, कांग्रेस से संजू, बसपा से मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें