खटीमा में बवाल के बाद पुलिस सख्त मुख्य आरोपी हाशिम घायलावस्था में गिरफ्तार, धारा 144 लागू….

खटीमा – उत्तराखंड के खटीमा में तुषार हत्याकांड के बाद फैले तनाव के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी हाशिम को सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।

एसएसपी उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने जानकारी दी कि पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी खटीमा से नेपाल बॉर्डर की ओर फरार होने की कोशिश कर रहा है। इस पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और उसे पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात आश्रम पद्धति क्षेत्र में 23 वर्षीय तुषार शर्मा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके दो साथी सलमान और अभय गंभीर रूप से घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि यह वारदात आपसी रंजिश का नतीजा थी।

हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया था। हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की और कुछ दुकानों में आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

तनाव को देखते हुए नगर में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें