संविधान दिवस पर कांग्रेस ने मनाया ‘संविधान बचाओ दिवस’, लिया लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प….

हल्द्वानी – संविधान दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर की तरह हल्द्वानी में भी मंगलवार को ‘संविधान बचाओ दिवस’ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा अंबेडकर पार्क, दमुवाढूंगा में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि के साथ हुई। इसके बाद संविधान की मूल भावना — न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता — के संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान का शुभारंभ किया गया।

एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने इस अवसर पर कहा कि “संविधान ने भारत को एक मज़बूत लोकतांत्रिक पहचान दी है। आज इसकी मूल भावना और आत्मा की रक्षा करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए जन आंदोलन चला रही है, जिससे नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति और अधिक जागरूक हो सकें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान अभूतपूर्व चुनौतियों से गुजर रहा है — “चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी, लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग और SIR आधारित गतिविधियों जैसे प्रयास संविधान की आत्मा पर चोट कर रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे प्रयास नहीं रुके, तो देश का लोकतांत्रिक ढांचा गंभीर खतरे में पड़ सकता है।

कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित आदर्शों — न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व — के पालन का संकल्प लिया। इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप, चुनावी हेरफेर और संस्थागत दुरुपयोग जैसे गंभीर विषयों पर भी खुलकर चर्चा की गई।

महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पदाधिकारियों, प्रकोष्ठों, ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी जनजागरूकता कार्यक्रमों में अधिकतम सहभागिता करें, ताकि यह अभियान और अधिक प्रभावशाली तथा व्यापक बन सके। कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण और नागरिक अधिकारों की मजबूती के लिए पूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें