सेवा संकल्प फाउंडेशन का संवाद कार्यक्रम महिलाओं के हुनर ने रचा आत्मनिर्भरता का नया इतिहास….

चम्पावत – एनएचपीसी सभागार में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड की महिलाएँ आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर हैं और अपने परिश्रम से पारंपरिक धरोहरों को संजोते हुए देश-विदेश में अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिला समूह केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की वाहक हैं। समूह से मिलने वाली शक्ति ही समाज को नई दिशा देती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत उन्नति महिला संकुल संघ, बनबसा में आयोजित जेंडर संवेदीकरण कार्यशाला में 26 ग्राम संगठनों से जुड़े 126 स्वयं सहायता समूहों की 1200 से अधिक महिलाएँ शामिल हुईं। ये सभी महिलाएँ ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम चम्पावत के साथ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।

कार्यक्रम के दौरान गीता धामी ने विभिन्न महिला उद्यमियों जैसे सरिता देवी (नमकीन निर्माण), शांति देवी (डेयरी उत्पाद), पूजा (ब्यूटी पार्लर) और कंचन (बैंक सखी) से संवाद किया और उनके अनुभव व उपलब्धियाँ जानीं। महिलाओं ने बताया कि समूहों से उन्हें आर्थिक स्थिरता, आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान मिली है।

गीता धामी ने कहा कि आज महिलाएँ घूंघट की परंपरा से निकलकर आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की ओर अग्रसर हैं। उनके पारंपरिक उत्पाद न केवल स्थानीय बाजारों में बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भूमिका निर्णायक है। भारत आज पुरुष-प्रधान व्यवस्था से महिला-प्रधान विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ ने राज्य की महिलाओं में नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार किया है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन चम्पावत जनपद के सभी मंडलों में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, कौशल विकास, नशा मुक्ति अभियान और जनसेवा की गतिविधियाँ निरंतर संचालित करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में गीता धामी ने उपस्थित सभी महिलाओं को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए और उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, हेमा जोशी, रेखा देवी, ऋतू रंजन आर्या, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, एपीडी विम्मी जोशी, मास्टर ट्रेनर नीलू चन्द, कार्यक्रम संचालक राधा चन्द सहित बड़ी संख्या में महिला समूहों की प्रतिनिधियाँ मौजूद रहीं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें