कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त पांच श्रद्धालुओं ने गंवाई जान, एसडीआरएफ का रेस्क्यू जारी….

टिहरी गढ़वाल – उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गुजरात से आए श्रद्धालुओं को लेकर कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस में कुल 29 यात्री सवार थे, जो गुजरात से कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए आए थे। हादसा कुंजापुरी–हिंडोलाखाल मार्ग के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

जिला नियंत्रण कक्ष, टिहरी से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला, कोटि कॉलोनी और वाहिनी मुख्यालय से एसडीआरएफ की पांच टीमें राहत कार्य के लिए रवाना की गईं।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि हादसे में चार पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई है। तीन गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि चार अन्य को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। 17 यात्री सामान्य रूप से सुरक्षित हैं।

हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी टिहरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हुए। प्रशासन ने खाई से शवों को निकालने के लिए रातभर चलने वाला रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे का कारण सड़क की ढलान और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच प्रशासन कर रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें