महामहिम के संभावित आगमन से पहले नैनीताल में बढ़ाई गई चौकसी, जिले में सुरक्षा कड़ी….

नैनीताल – नैनीताल में महामहिम के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर है। आगामी दिनों में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को देखते हुए नैनीताल जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने, प्रत्येक बैरियर पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि बम निष्क्रिय दस्ता (BDS), स्वान दल और अभिसूचना इकाई की टीमें सतर्क मोड में रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिले में सुरक्षा के हर स्तर पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही होटल, ढाबों, गेस्ट हाउसों और रेंटल स्थानों पर सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। बाहर से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की कड़ी जांच की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन के साथ सहयोग करें ताकि राष्ट्रपति के जनपद भ्रमण के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें