अखिल भारतीय महापौर परिषद में दीपक बाली का चयन, काशीपुर की बढ़ी राष्ट्रीय पहचान….

काशीपुर – उत्तराखंड के काशीपुर नगर के महापौर दीपक बाली अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहे हैं। अखिल भारतीय महापौर परिषद की सत्र 2025 की नई कार्यकारिणी में उन्हें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का महत्वपूर्ण पद सौंपा गया है। यह उपलब्धि न केवल काशीपुर बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है।

नई कार्यकारिणी का गठन दिल्ली स्थित परिषद कार्यालय में केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में किया गया। परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने देशभर के विभिन्न प्रांतों और राजनीतिक दलों से जुड़े महापौरों के साथ नई टीम की घोषणा की।

कार्यकारिणी में अलीगढ़ के पूर्व महापौर आशुतोष वार्ष्णेय को राष्ट्रीय महामंत्री, गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सूरत के महापौर दक्षेश मवाणी को महामंत्री नियुक्त किया गया है। इसके अलावा असम (गुवाहाटी), इंदौर, कालीकट और हुबली-धारवाड़ के महापौर उपाध्यक्ष के रूप में शामिल हुए हैं।

देशभर के 45 महापौरों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है, जिनमें दिल्ली, देहरादून, जयपुर, अहमदाबाद, कोलकाता, रायपुर, चेन्नई, अमृतसर, रूड़की और अन्य प्रमुख शहरों के महापौर शामिल हैं।

महापौर दीपक बाली के इस राष्ट्रीय चयन से काशीपुर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद इसे नगर की बढ़ती राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक मान रहे हैं और उन्होंने दीपक बाली को इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

शपथ ग्रहण समारोह दीपावली के बाद आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सूरत, नैनीताल या हुबली-धारवाड़ को संभावित स्थल के रूप में विचार किया जा रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें