देशभक्ति का प्रतीक: सूरज सिंह नेगी को कोटद्वार में भावभीनी श्रद्धांजलि….

कोटद्वार – जम्मू-कश्मीर के बारामूला से दुखद समाचार ने कोटद्वार और उसके आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ा दी। भारतीय सेना में तैनात राइफलमैन सूरज सिंह नेगी ड्यूटी के दौरान क्रॉस फायरिंग में घायल होकर वीरगति को प्राप्त हो गए।

सूरज सिंह नेगी का जन्म लालपुर, कोटद्वार में हुआ था। 25 वर्षीय सूरज गोरखा रेजिमेंट में तैनात थे और वर्ष 2021 में सेना में भर्ती होकर देश सेवा की राह चुनी थी। वह अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। उनके बलिदान की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।

शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लालपुर स्थित उनके आवास पर रखा गया, जहाँ हजारों लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए जुटे और “भारत माता की जय” तथा “सूरज सिंह अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। रविवार सुबह कोटद्वार मुक्तिधाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा,
“जम्मू-कश्मीर के बारामूला क्षेत्र में माँ भारती की सेवा करते हुए कोटद्वार के वीर पुत्र, राइफलमैन सूरज सिंह नेगी जी के शहीद होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। आपकी वीरता और बलिदान को नमन, आपकी शौर्यगाथा सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगी। विनम्र श्रद्धांजलि !” सूरज सिंह नेगी की देशभक्ति और साहस की गाथा न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कोटद्वार क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें