हरीश रावत का बड़ा ऐलान: कांग्रेस की सरकार आई तो गैरसैंण को देंगे राजधानी का दर्जा….

देहरादून  उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि अगर जनता 2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाती है, तो गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।

हरीश रावत ने लिखा, “जो लोग कहते हैं कि मुझे मौका मिला था और मैंने गैरसैंण को राजधानी नहीं बनाया, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि 2027 में कांग्रेस को मौका दीजिए, हम गैरसैंण को राजधानी बनाकर दिखाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान गैरसैंण में 2500 लोगों के ठहरने की क्षमता विकसित की गई थी, जबकि पहले वहां रात में 20 लोग भी नहीं रुक सकते थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि 2013 की केदारनाथ आपदा के बाद उन्होंने राज्य को उभारने का काम किया। गैरसैंण में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 57 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था और निर्माण एजेंसी भी तय कर दी गई थी। भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन की आधारशिला रखने के साथ-साथ पांच हजार लोगों की आवासीय क्षमता के भवन निर्माण की शुरुआत की गई थी।

हरीश रावत ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए गन्ना किसानों के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि गन्ने का मूल्य तय करने में हमेशा देरी की गई है, लेकिन इस बार तो मूल्य घोषित ही नहीं किया गया। बरसात के बाद गन्ने की कटाई शुरू हो जाएगी, लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक पिछले वर्ष का भुगतान भी तय नहीं किया है। किसानों को पुराने रेट पर भुगतान करने को कहा जा रहा है, जबकि किसान 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर की मांग कर रहे हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें