रात में मझोला जा रहे तीन दोस्तों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त, दो घरों के बुझ गए चिराग

सितारगंज – सितारगंज क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां हल्द्वानी के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव बिथा अकबर निवासी साहिल अंसारी (19) पुत्र मोहम्मद यासीन, मोनिश खान (21) पुत्र हनीफ खां और जुनैद (19) पुत्र मेजर खां रविवार रात एक ही बाइक से बिज्टी रोड होते हुए मझोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में साहिल और मोनिश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने साहिल और मोनिश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जुनैद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसका हल्द्वानी स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही देर रात तक परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचते रहे। दो युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें