कटना से वारी तक बनेगा मोटर मार्ग, शासनादेश जारी; जल्द शुरू होगा निर्माण

भीमताल – ओखलकांडा ब्लॉक के वारी गांव के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सड़क का सपना अब साकार होने जा रहा है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से ग्रामसभा कटना से वारी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासन ने करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो गया है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। बीमार मरीजों को घोड़े या कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता था। वहीं, किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में परिवहन पर काफी खर्च करना पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से ही वे सड़क निर्माण की मांग उठाते आ रहे थे, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

ग्रामीणों ने अपनी समस्या मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखी और कटना से वारी तक मोटर मार्ग बनाने की मांग की। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए मंत्री ने पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति दिलाने की पहल की। इसके बाद राज्य योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री से भी सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उनके प्रयासों के बाद शासन ने मोटर मार्ग निर्माण के लिए लगभग 84 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और शासनादेश भी जारी हो गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से वारी गांव के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और मरीजों, किसानों तथा आम लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी।

मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र का हर गांव सड़क सुविधा से जुड़े। इसी उद्देश्य से लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें