क्रिकेट के मैदान से विदाई की तैयारी! धोनी के पैतृक गांव में चर्चाओं का दौर

ल्वाली (अल्मोड़ा) – भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने के ऐलान के बाद उनके पैतृक गांव ल्वाली में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। गांव के लोगों को धोनी के इस फैसले पर चर्चा के साथ-साथ उनकी शानदार उपलब्धियों पर गर्व है। ग्रामीणों का कहना है कि माही ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर क्रिकेट की दुनिया में जो मुकाम हासिल किया है, उससे पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

अपने हेलीकॉप्टर शॉट के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी मूल रूप से अल्मोड़ा जिले की जैंती तहसील के ल्वाली गांव के निवासी हैं। बताया जाता है कि 1970 के दशक में उनके पिता पान सिंह धोनी नौकरी के सिलसिले में रांची जाकर बस गए थे। गांव में उनके चाचा रहते थे, जिन्होंने कुछ वर्ष पहले हल्द्वानी में अपना मकान बना लिया।

ग्राम प्रधान दीवान सिंह धोनी ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट जगत में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश-विदेश में अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियों पर पूरे गांव को गर्व है। उन्होंने कहा कि धोनी की उम्र को देखते हुए संभव है कि उन्होंने इसी को ध्यान में रखकर आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया हो। खेल के मैदान पर उनकी उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा।

क्षेत्र पंचायत सदस्य चंदन सिंह धोनी ने माही के गांव आगमन से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि महेंद्र सिंह धोनी वर्ष 2023 में अपने परिवार के साथ ल्वाली आए थे। इस दौरान उन्होंने गांव के देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और परिवार के साथ कुछ समय बिताया। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला था। उन्होंने कहा कि धोनी का अपनी मिट्टी और पैतृक गांव से जुड़ाव ग्रामीणों के लिए गर्व की बात है।

वहीं, दिनेश सिंह धोनी ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी भले ही क्रिकेट की दुनिया का बड़ा सितारा बन गए हों, लेकिन उनके पैतृक गांव से जुड़ी यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं। ग्रामीण उनके गांव आने के पुराने पलों को याद करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश को कई बड़ी उपलब्धियां दिलाने वाले धोनी आज भी गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें