बारिश थमते ही सड़कों पर शुरू होगा पैचवर्क और हॉटमिक्स, विभागों को समयसीमा

हल्द्वानी – कुमाऊं मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के लिए मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा निर्धारित 15 अक्टूबर की समयसीमा के भीतर सड़कों के सुधारीकरण का कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़कों के गड्ढे केवल औपचारिकता के तौर पर न भरे जाएं, बल्कि पैचवर्क और पुनर्निर्माण का कार्य इस तरह किया जाए कि वह लंबे समय तक टिकाऊ रहे। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ-साथ संपर्क और ग्रामीण सड़कों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।

नैनीताल में 992 किमी सड़कों का होगा सुधारीकरण

समीक्षा के दौरान लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नैनीताल जिले में मुख्य राजमार्ग और मुख्य जिला मार्ग की 36 सड़कें, कुल 992 किलोमीटर, गड्ढायुक्त हैं। इन सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब तक करीब 303 किलोमीटर सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं। शेष सड़कों पर वर्षाकाल समाप्त होने के बाद पैचवर्क और हॉटमिक्स का कार्य किया जाएगा।

मंडल के अन्य जिलों में भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। अल्मोड़ा में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चंपावत में 23 सड़कें गड्ढामुक्त की जानी हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी संबंधित कार्यों के टेंडर किए जा चुके हैं और जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

पीएमजीएसवाई की करीब 1500 सड़कों पर भी काम

पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1500 सड़कें गड्ढामुक्त की जानी हैं। इनमें से 58 किलोमीटर सड़क का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों पर कार्य गतिमान है।

सीवर-पेयजल लाइन के काम को लेकर आयुक्त नाराज

हल्द्वानी शहर में यूयूएसडीए द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सड़क खुदाई और उसके बाद मार्गों की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम एक साथ पूरे शहर में टुकड़ों-टुकड़ों में फैलाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिस हिस्से में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाए, उसी हिस्से की सड़क को तत्काल दुरुस्त किया जाए। सड़क ठीक करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो।

हल्द्वानी की 80 किमी आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त

नगर आयुक्त ने बताया कि हल्द्वानी शहर की करीब 80 किलोमीटर आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त हैं। इनमें से 8 किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क का कार्य पूरा किया जा चुका है। आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधारीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन मार्गों पर हॉटमिक्स और पैचवर्क का कार्य शुरू किया जाएगा।

एनएच की 168 किमी सड़कों पर होगा पैचवर्क

एनएच के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 168 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स किया जाना है। इसमें से 36 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 132 किलोमीटर सड़कों पर वर्षाकाल के बाद काम शुरू किया जाएगा।

बैठक में एनएच, लोनिवि, यूयूएसडीए, नगर निगम, पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें