भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े चाफी-अलचौना-ताड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। सड़क के लिए शासन से 2.26 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
चाफी-अलचौना-ताड़ा मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ होने से वाहनों के फंसने की समस्या भी बनी रहती थी। ग्रामीणों ने मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष रखी थी।
मांग पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। स्वीकृति मिलने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गोल्ज्यू मंदिर के पुनर्निर्माण का भी शुभारंभ
इसी अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विनायक स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर को मंदिर मिशन माला योजना में शामिल किए जाने के बाद मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। मंदिर के विकास कार्यों के लिए 91 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही मंदिर मिशन माला योजना के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार व्यक्त किया।
निर्माण कार्यों के शुभारंभ के अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, प्रधान कमल देवका, लता आर्य, अंकित आर्य, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ ब्रजवासी, आनंद मणि भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।










