अल्मोड़ा – नगर के एडम्स इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे नंदा देवी मेले में बुधवार देर रात झूला टूटने से एक युवक और महिला घायल हो गए। हादसे में युवक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की जानकारी है, जबकि महिला को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मेला क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूले में तकनीकी खराबी आने के बाद उसका एक हिस्सा अचानक टूट गया। इसी दौरान एक युवक नीचे गिरकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। महिला को भी हादसे में चोटें आने की जानकारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने एहतियातन संबंधित झूले को सील कर दिया है।
प्रशासन की ओर से झूला संचालक से लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र मांगे गए हैं। साथ ही झूले की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारी से संबंधित स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।










