मंत्री कैड़ा के प्रयास से कैड़ागांव हाईस्कूल का उच्चीकरण, ग्रामीणों ने जताया आभार

ओखलकांडा – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित ग्राम सभा कैड़ागांव-कुकना में वर्षों से चली आ रही हाईस्कूल के इंटरमीडिएट में उच्चीकरण की मांग पूरी हो गई। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद कैड़ागांव हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उच्चीकृत विद्यालय का उद्घाटन किया।

ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। हाईस्कूल के बाद विद्यार्थियों को इंटर की पढ़ाई के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। दुर्गम रास्तों और आवागमन की समस्या के कारण विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई से वंचित भी रह जाते थे।

ग्रामीणों ने इस समस्या को मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने रखा था। मंत्री ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए और मुख्यमंत्री के समक्ष भी मांग रखी। इसके बाद कैड़ागांव हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया। विद्यालय में कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ पढ़ाई शुरू हो गई है।

विद्यालय के उच्चीकरण और उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। ग्रामीणों ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मंत्री का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सके।

बहुउद्देशीय शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कार्यक्रम के साथ मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की गई।

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़े।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें