सद्गुरु गौरी शंकर दीक्षित के जन्मोत्सव पर सहज परम धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नैनीताल – नैनीताल जिले के ताकुला गांधी ग्राम स्थित सहज परम धाम में मंगलवार को ब्रह्मलीन परम पूज्य सद्गुरु गौरी शंकर दीक्षित जी महाराज के वार्षिक जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह देव पूजन और अभिषेक के साथ हुई। धाम के पीठ संरक्षक सद्गुरु अमरनाथ जी दीक्षित और गुरुमाता नीरू दीक्षित सहित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा धाम परिसर भक्तिमय हो उठा।

पूजा-अर्चना के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवा में जुटे लोगों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे दिन सहज परम धाम में भक्ति और सेवा का वातावरण बना रहा।

धाम के पीठ संरक्षक सद्गुरु अमरनाथ जी दीक्षित ने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों को आध्यात्मिकता और सेवा की भावना से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सेवाभाव से जुड़े लोगों का आभार जताया।

इस अवसर पर यशपाल, राहुल, कुशल, प्रकाश भट्ट, नवीन भट्ट और तारा जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें