हल्द्वानी में एसआईआर को लेकर बैठक, ईवीएम की एफएलसी की तैयारियों पर भी चर्चा

हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील परिसर हल्द्वानी में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-1 ने प्रतिभाग किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सोमवार की बैठक में विभिन्न दलों के दो-दो पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया। रामनगर, नैनीताल और भीमताल विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधि भी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न सवाल और जिज्ञासाएं रखीं। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए अब तक की गई प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में भी इसे सोमवार को पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रक्रिया को लेकर संतोष जताया और किसी प्रकार की आशंका या शिकायत नहीं होने की जानकारी दी।

ईवीएम की एफएलसी को लेकर भी दी जानकारी

बैठक में निकट भविष्य में शुरू होने वाली ईवीएम मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) को लेकर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने एफएलसी के दौरान होने वाली विभिन्न जांचों और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।

अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने दलों के अधिकृत पदाधिकारियों के नाम और पदनाम उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि एफएलसी प्रक्रिया के लिए आवश्यक पहचान पत्र जारी किए जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कांग्रेस से मयंक भट्ट, रामसिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती और इशरत अली, भाजपा से दिनेश खुलवे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल, मनीष पाल और आनंद सिंह बिष्ट, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश चंद्र टम्टा तथा आम आदमी पार्टी से अब्दुल कादिर सहित अन्य पदाधिकारियों ने बैठक में प्रतिभाग किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें