काठगोदाम में चरस तस्करों की धरपकड़, स्कूटी समेत 1.155 किलो चरस बरामद

हल्द्वानी – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने चरस तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी कब्जे में ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के पास संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग की।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार मनोज चंद्र के कब्जे से 609 ग्राम और संजय चंद्र के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से बरामद चरस की कुल मात्रा 1.155 किलोग्राम बताई गई है।

पुलिस ने चरस की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 को भी कब्जे में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, चंपावत, उम्र 29 वर्ष और संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी अनरिया, तहसील पाटी, चंपावत, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार मामले में कोतवाली काठगोदाम में मु.अ.सं. 116/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया, एसटीएफ कुमाऊं रेंज के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत और हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें