नशे से दूरी, साइबर अपराध से सतर्कता और आपदा में बचाव का प्रशिक्षण, रातीघाट में लगा बहुआयामी जागरूकता शिविर

रातीघाट – विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज रातीघाट में छात्र-छात्राओं एवं आमजन के लिए एसडीआरएफ प्रशिक्षण, चिकित्सा परीक्षण, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध जागरूकता तथा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल ने प्रतिभागियों को विधिक अधिकारों और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी।

शिविर में एसडीआरएफ टीम ने आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार और रेस्क्यू तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। टीम ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए बताया कि किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुकने की स्थिति में यह तकनीक जीवन बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होती है।

पुलिस विभाग की ओर से एनटीएफ टास्क फोर्स प्रभारी रमेश पंत ने एनडीपीएस एक्ट की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया। वहीं साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल सुरक्षा के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह भी दी।

अपने संबोधन में पारुल थपलियाल ने विश्व मानवतावादी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस उन साहसी लोगों को समर्पित है, जिन्होंने आपदाओं और संकटों के बीच मानवता की सेवा करते हुए अपना जीवन न्योछावर किया। उन्होंने नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य एस.पी. सिंह, यशवंत कुमार, संजय कुमार पुष्कर, बीना, एसआई विपुल भट्ट, गणेश भट्ट, विजय खैरोला, विक्रम सिंह, नवीन पांडेय सहित विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आमजन को आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, नशा उन्मूलन और विधिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं, जिससे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें