मौसम ने बदली करवट, उत्तराखंड में फिर बढ़ा बारिश का खतरा; देहरादून समेत पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून – उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार सुबह से ही पहाड़ से लेकर मैदान तक अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र ने राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

17 अगस्त को भी कई जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की घटनाएं हो सकती हैं।

20 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। 20 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें