रुद्रपुर – जिलेभर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान, जल संचय और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी एवं अधिकारियों ने शहीद-ए-आजम ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
शहीदों के सपनों को साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों की परिकल्पनाओं को साकार करने के लिए देश और समाज के विकास में पूरी सहभागिता निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग के उत्थान की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। यही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डीएम ने युवाओं का आह्वान किया कि वे जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें, समाज के लिए रोल मॉडल बनें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
स्वतंत्रता सेनानियों पर प्रकाशित होगी पुस्तिका
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पुस्तिका का प्रकाशन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और देश के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों के योगदान की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और खाद्य संरक्षण को भी सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इन क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा और मार्गदर्शन में ऊधमसिंह नगर विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों अमरजीत सिंह, इन्द्रासन यादव, आनंद मणि रतूड़ी, प्रकाश, हरवंश सिंह, परमेश्वर, कमलेश त्रिपाठी, वर्मानंद, सुमन, श्रवण कुमार सहित वीर माता लक्ष्मी देवी और वीर नारी मंजू रावत को सम्मानित किया गया।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी सुभाष, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और त्रिलोकी ने भी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।
क्रॉस कंट्री रेस में युवाओं ने दिखाया दमखम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री ओपन रेस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
बालक वर्ग में पुष्कर चंद्र प्रथम, केवल चम्याल द्वितीय और अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं ओपन बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय रहीं। जिलाधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले नन्हे बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उमाशंकर नेगी और हेम पांडे ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे।











