80वें स्वतंत्रता दिवस पर धामी ने फहराया तिरंगा, पुलिस अफसर और खिलाड़ी हुए सम्मानित

देहरादून – देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री सहित मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।

जनभागीदारी से बनेगा विकसित उत्तराखंड

सीएम धामी ने कहा कि देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास हैं। उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला दिन भी है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित पुलिस अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना की।

इसके साथ ही राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी पदक देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाएं प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें