मुक्तेश्वर हादसे में तीन की मौत, पेड़ों में अटककर बचा पर्यटकों से भरा वाहन

मुक्तेश्वर/नैनीताल – नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर मल्ला रामगढ़ के पास पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया, जिससे हादसा और भयावह होने से टल गया और 19 यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर दिल्ली, फरीदाबाद और हरियाणा से पर्यटकों को लेकर मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से आगे अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे।

बारिश और खाई ने रेस्क्यू को बनाया चुनौतीपूर्ण

हादसे की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लगातार बारिश और करीब 100 फीट गहरी खाई के चलते राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। रेस्क्यू टीमों ने रस्सियों के सहारे एक-एक कर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

तीन पर्यटकों की मौत

हादसे में फरीदाबाद निवासी सुमित पाल सिंह (24), अभिषेक (26) और प्रदीप (26) की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चालक गिरफ्तार

पुलिस ने हादसे के बाद टेंपो ट्रैवलर चालक यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें