नैनीताल – राष्ट्र के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। 14 अगस्त की रात से ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के साथ सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संदिग्धों और वाहनों पर पैनी नजर
एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, होटल, ढाबे और सराय में पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस कर्मियों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की भी गहनता से जांच की जा रही है। जिले के अंतरजनपदीय बॉर्डर क्षेत्रों में भी पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है।
सुरक्षा में कोताही पर होगी कार्रवाई
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो 112 पर दें सूचना
नैनीताल पुलिस ने आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को आसपास संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देती है तो बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को सूचना दें। इसके अलावा आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।











