सड़क पर अराजकता बर्दाश्त नहीं, वायरल वीडियो पर SSP का त्वरित एक्शन

हल्द्वानी – दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग मचाकर हाथों में बेल्ट लहराने और राहगीरों को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान कर चार युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि जांच में सामने आए दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड, हल्द्वानी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों द्वारा सरेआम हुड़दंग करने और हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों एवं आमजन को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पहचान और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

चार युवक गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27) शामिल हैं। सभी दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक सीतेश आर्य शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दो मोटरसाइकिलें सीज

पुलिस ने मौके से संबंधित दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या UK04AS-4102 को भी नियमानुसार सीज किया गया है।

नाबालिगों को समझाकर परिजनों के सुपुर्द किया

जांच के दौरान दो नाबालिगों की भी संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग की और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

एसएसपी का दो टूक संदेश

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो, जिसमें सार्वजनिक शांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, का पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल अजहर शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें