आपदा के जख्म भरने की तैयारी, पंचायत भवनों और आयुष चिकित्सालयों के पुनर्निर्माण की कवायद तेज

रुद्रपुर – पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष तथा आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयुष एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षाकालीन आपदा में क्षतिग्रस्त पंचायत भवनों और आयुष चिकित्सालयों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजे जाएं, ताकि आपदा मद से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।

समीक्षा के दौरान जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. महेश चंद्र जोशी ने बताया कि जनपद में सात राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, एक आरसीएच विंग तथा तीन एनएचएम चिकित्सालय संचालित हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष लगभग एक से सवा लाख मरीज इन चिकित्सालयों में उपचार के लिए पहुंचते हैं। दीर्घकालिक रोगों का उपचार आधुनिक रडार सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जा रहा है। बाजपुर स्थित होम्योपैथिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योग एवं एनसीडी स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में आउटरीच शिविर लगाकर मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है, हालांकि आरसीएच होम्योपैथिक विंग में एक फार्मासिस्ट का पद रिक्त है।

जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी ने बताया कि जनपद में 11 आयुर्वेदिक चिकित्सालय, 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एक उत्कर्ष केंद्र (लालपुर) तथा दो पंचकर्म केंद्र (रुद्रपुर और महुआडाबरा) संचालित हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष करीब 1.25 लाख मरीज आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ उठाते हैं। विभाग में वर्तमान में सात चीफ फार्मासिस्ट के पद रिक्त हैं।

बैठक में जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल ने बताया कि वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त पंचायत भवनों की सूची सभी विकासखंडों से मांगी गई है, ताकि पुनर्निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग में चार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के पद रिक्त हैं।

समीक्षा बैठक में मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मेयर विकास शर्मा, भारत भूषण चुघ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें