आयुक्त ने की मेगा जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा, अगस्त से आरटीओ रोड पर मिलेगा नया पानी

हल्द्वानी – कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने उत्तराखण्ड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की पीआईयू चंपावत एवं हल्द्वानी द्वारा संचालित पेयजल और शहरी विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और आमजन को होने वाली असुविधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने चंपावत, टनकपुर, किच्छा और हल्द्वानी में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया।

चंपावत में 240 करोड़ की जलापूर्ति योजना पर तेजी

समीक्षा के दौरान बताया गया कि चंपावत वाटर सप्लाई स्कीम वर्ष 2055 की संभावित आबादी को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है, जिसके तहत 6.8 एमएलडी जलापूर्ति क्षमता विकसित की जाएगी। लगभग 240.26 करोड़ रुपये की इस परियोजना को 10 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत 109 किलोमीटर पाइपलाइन, 81 किलोमीटर हाइड्रो टेस्टिंग, 1600 घरेलू जल संयोजन तथा गधेरा लाइन का निर्माण किया जा रहा है। अब तक करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

किच्छा में 478 करोड़ की योजना, 12 ट्यूबवेल तैयार

किच्छा जलापूर्ति योजना के तहत वर्ष 2055 तक की जरूरतों को देखते हुए 31.33 एमएलडी जलापूर्ति क्षमता विकसित की जा रही है। लगभग 478.66 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना में 323 किलोमीटर पाइपलाइन, 201 किलोमीटर हाइड्रो टेस्टिंग, 9500 घरेलू कनेक्शन, 12 ट्यूबवेल तथा पांच पंप हाउस का निर्माण शामिल है। इनमें 12 ट्यूबवेल और चार पंप हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से चल रहा है।

हल्द्वानी में आधुनिक शहरी सुविधाओं पर फोकस

बैठक में आईयूआईडीएच (IUIDH-HDW) परियोजना के तहत हल्द्वानी में जलापूर्ति, सीवरेज, वर्षा जल निकासी, सड़क चौड़ीकरण, बस टर्मिनल और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) सहित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत 39,716 घरेलू जल संयोजन, 14 नए ओवरहेड वाटर टैंक, 13 नए ट्यूबवेल, 122 किलोमीटर सीवरेज नेटवर्क तथा 14.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है।

अब तक 21,483 घरेलू जल कनेक्शन, 436 किलोमीटर जल वितरण पाइपलाइन, 10 ट्यूबवेलों की बोरिंग, 256 किलोमीटर सड़क पुनर्स्थापन तथा 76 किलोमीटर सीवर लाइन का कार्य पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह से काठगोदाम के आरटीओ रोड क्षेत्र में नई पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

सड़कें खोदीं तो समय पर करें पुनर्स्थापन

आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां तत्काल सड़क पुनर्स्थापन कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड और स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट तथा ड्रेनेज निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने का कार्य भी तेज गति से चल रहा है।

आयुक्त ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद कुमाऊँ के शहरी क्षेत्रों में आधुनिक, सुरक्षित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आम नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

बैठक में डिप्टी प्रोग्राम डायरेक्टर कुमाऊँ डिविजन यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह दिओल सहित संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें