हल्द्वानी – परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की। ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट और अन्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए गए अभियान में 257 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 22 वाहनों को सीज किया गया।
विभाग द्वारा हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर कार्यालयों की प्रवर्तन टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बाइक, ऑटो, जीप और मालवाहक वाहनों की व्यापक जांच की। अभियान के दौरान 28 वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म और 26 वाहनों पर अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट मिलने पर कार्रवाई की गई। मौके पर ही वाहनों से ब्लैक फिल्म और अवैध लाइटें हटवाई गईं।
इसके अलावा फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना, ओवरलोडिंग, बीमा संबंधी अनियमितताओं सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान में एआरटीओ रामनगर पंकज श्रीवास्तव, हल्द्वानी में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, गोविंद और जगदीश, रुद्रपुर उपसंभाग में परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, आनंद प्रकाश गुप्ता एवं आशुतोष डिमरी, काशीपुर उपसंभाग में एआरटीओ संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी अनिल, सचिन और नंदन आर्य, जबकि टनकपुर उपसंभाग में सहायक परिवहन अधिकारी मनोज बागोरिया एवं परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी ने कार्रवाई में भाग लिया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट और बिना अनुमति वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।










