तमंचे के दम पर दहशत फैलाने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, आर्म्स एक्ट में मुकदमा

हल्द्वानी – हरिपुर जमन सिंह क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद के दौरान तमंचा लहराकर फायरिंग करने के मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को हरिपुर जमन सिंह गांव में संपत्ति विवाद के दौरान अवैध तमंचा दिखाकर फायरिंग किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए बेलबाबा और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया।

मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सड़क किनारे जंगल में बने एक खंडहर से छिपे हुए आरोपी हरिद्वारी (55 वर्ष) पुत्र मंगली, निवासी हरिपुर जमन सिंह, रामपुर रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 255/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक मनोज कुमार एवं कांस्टेबल अनिल टम्टा ने अंजाम दिया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें