अभिव्यक्ति-2026 में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विशेषज्ञों से मिला भविष्य का मार्गदर्शन

हल्द्वानी – विद्यालय में आयोजित ‘अभिव्यक्ति-2026’ के दूसरे दिन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मनमोहक फ्लेमिंगो नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति के साथ हुआ। सांस्कृतिक रंगों और उत्साह से भरपूर कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही तथा हिमालय एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष भूमेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘विज़नरी टॉक्स’ रहा, जिसमें विद्यालय के नौ विद्यार्थियों ने ट्विन विन टीम के मार्गदर्शन में अपने विचारों, नवाचार और भविष्य की सोच को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रोताओं को प्रभावित किया।

इसके बाद प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी ‘द पपाया मैन’ सुधीर चड्ढा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में आयोजित ‘जब दे मेट – जेन ज़ी अचीवर्स मीट जेन अल्फा’ संवाद सत्र ने विद्यार्थियों को नई सोच और नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस सत्र का संचालन संजना विक्रमादित्य जायसवाल एवं आदित्य मिश्रा ने किया, जबकि वैभव पांडे और अंशुल वशिष्ठ ने अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

इसके पश्चात ट्विन विन टीम द्वारा आयोजित ‘न्यू-एज करियर्स इन द ऑरेंज इकॉनमी’ विषयक सत्र में विद्यार्थियों को भविष्य के उभरते करियर विकल्पों, बदलते रोजगार परिदृश्य और आवश्यक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी गई।

दिन का समापन शंकर बर्थवाल के प्रेरक सत्र के साथ हुआ, जिसमें सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्होंने युवाओं से हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आयोजकों ने कहा कि ‘अभिव्यक्ति-2026’ केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक प्रभावी मंच बन चुका है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें