खेलते-खेलते मातम में बदली खुशियां, बरसाती नाले में डूबने से दो बहनों की मौत

देहरादून – क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के बीच एक हृदयविदारक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छोटी बहन को तेज बहाव में बहता देख बड़ी बहन उसे बचाने के लिए नाले में कूद गई, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों बहनें बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, नई बस्ती स्थित मंदिर के सामने दोनों बच्चियां बारिश के दौरान खेल रही थीं। इसी बीच खेलते-खेलते छोटी बहन सोनाक्षी खुले बरसाती नाले के पास पहुंच गई और अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गई। बहन को बहता देख बड़ी बहन लक्ष्मी ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस नाले में हादसा हुआ वहां काफी तीखी ढलान है। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था और किनारों पर फिसलन होने से दोनों बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं। बहते हुए वे नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे पहुंच गईं, जहां पाइपनुमा संरचना और उसमें फंसे पत्थर के बीच दोनों मासूम फंस गईं।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार के आंगन में कुछ देर पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

स्थानीय लोगों ने बरसाती नालों की सुरक्षा व्यवस्था और खुले नालों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें