नैनीताल – नैनीताल शहर में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मल्लीताल क्षेत्र में मैट्रोपोल होटल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 10 फीट नीचे मैदान में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार गहरी खाई में गिरने के बजाय नीचे समतल स्थान पर जाकर अटक गई, जिससे चालक की जान बच गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक और उसके पालतू जानवर को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए बी.डी. पांडे चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार चालक को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शी वत्सल नेगी ने बताया कि सुबह करीब सात बजे कार मैट्रोपोल होटल की ओर से मस्जिद की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को पास देने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार पैराफिट तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार नीचे समतल मैदान में नहीं रुकती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।











