काशीपुर – कुंडा थाना क्षेत्र के हरियावाला गांव में एक किराये के मकान में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला गंज निवासी उदयराज की पुत्री नेहा का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व रामपुर जनपद के थाना स्वार क्षेत्र के ग्राम नरपतनगर निवासी रोहित, पुत्र गेंदानाथ, के साथ हुआ था। दंपती का एक पांच वर्षीय पुत्र है, जो वर्तमान में अपने दादा-दादी के साथ रहता है। पति-पत्नी हरियावाला गांव में किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे नेहा का शव कमरे में चुनरी के सहारे पंखे से लटका मिला। घटना के समय उसका पति रोहित ई-रिक्शा लेकर बाहर गया हुआ था। घटना की सूचना ग्राम प्रधान नीरज कुमार ने पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर सूर्या चौकी प्रभारी सोनू सिंह, उपनिरीक्षक भूमिका पांडे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता उदयराज ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर मामले की गहन जांच की मांग की है। क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।











