सुखाताल झील को स्वच्छ बनाने के लिए एकजुट हुए छात्र, प्रशासन और सामाजिक संस्थाएं

नैनीताल – उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सुखाताल झील परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान झील और उसके आसपास फैले प्लास्टिक, कांच की बोतलों, खाद्य सामग्री के रैपर तथा अन्य गैर-जैव अपघटनीय कचरे को एकत्र कर क्षेत्र की सफाई की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि सुखाताल झील की दयनीय स्थिति, पर्यावरणीय क्षरण और रखरखाव में लापरवाही को देखते हुए 30 जून 2026 को अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका नैनीताल तथा जिलाधिकारी नैनीताल को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था। निरीक्षण के दौरान झील के चारों ओर पैदल मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक की बोतलें, डिस्पोजेबल सामग्री और अन्य कचरा बिखरा मिला था, जिससे स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाई गई।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक बेंचों का असामाजिक तत्वों द्वारा शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन के लिए उपयोग किए जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। साथ ही यह भी कहा गया था कि झील परिसर के संरक्षण और अनुरक्षण के लिए जिम्मेदार विभागों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए तथा जहां भी लापरवाही या कर्तव्यहीनता सामने आए, वहां संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देश पर झील विकास प्राधिकरण, नगरपालिका परिषद नैनीताल तथा विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से सुखाताल झील परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने “ना गंदगी करेंगे, ना किसी को करने देंगे” का संकल्प लेते हुए स्वच्छ और सुंदर नैनीताल बनाने का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान के बाद परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी हर्ष यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, झील विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता नगरपालिका रोहिताश, नगरपालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, के.एल. साह नगर पालिका ट्रस्ट बालिका इंटर कॉलेज एशडेल, अटल उत्कृष्ट आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तल्लीताल तथा शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज तल्लीताल के छात्र-छात्राओं ने अभियान में भाग लिया। नगर पालिका के स्वच्छता कर्मियों, वन विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों तथा पीएलवी (अधिकार मित्र) ने भी श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें