स्वच्छता और पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूरे करने पर जोर

भीमताल – जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और पर्यटन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला पंचायत एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की नियमित निगरानी, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पर्यटन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित होटल एवं रिसॉर्ट्स से पिछले पांच वर्षों में जिला पंचायत को प्राप्त राजस्व का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कूड़ा वाहनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कूड़ा वाहनों में जीपीएस प्रणाली अनिवार्य रूप से स्थापित की जाए, जिससे उनके संचालन और निगरानी को प्रभावी बनाया जा सके। इसके अलावा कूड़ा निस्तारण के लिए पर्याप्त रोस्टर तैयार करने, राजस्व निरीक्षकों एवं कर संग्राहकों की निगरानी में वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा सभी वाहन चालकों के मोबाइल नंबर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने एनएच-87 रानीबाग से रूसी बाईपास तक प्रत्येक माह कम से कम सात दिन वैक्यूम क्लीनिंग मशीन संचालित करने के निर्देश देते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को जिला पंचायत से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।

वहीं, जिला पर्यटन अधिकारी को जिला योजना, राज्य योजना एवं केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रारंभ और पूर्णता तिथि का स्पष्ट अभिलेखीकरण करने तथा नियमित निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में अवैध रूप से संचालित होम-स्टे और होटलों का नियमित निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और पर्यटन गतिविधियों का सुव्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें